ऑपरेशन क्रैक डाउन का व्यापक असर: 600 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, 236 पर कार्रवाई।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जनपद में मुख्यालय स्तर से संचालित सत्यापन अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर बाहरी मजदूरों, फड़-फेरी लगाने वालों एवं किरायेदारों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के अंतर्गत जनपद में कुल 600 बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन किया गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर 235 व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
बिना सत्यापन मजदूर रखने पर ठेकेदार का ₹5,000/- का चालान:
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत एवं सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में समस्त कोतवाली एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में देघाट थाना क्षेत्र में प्रभारी थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक गंगा राम गोला द्वारा बिना पुलिस सत्यापन के मजदूर रखने पर एक ठेकेदार के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए ₹5,000/- का नगद चालान किया गया। साथ ही संबंधित मजदूरों का सत्यापन भी कराया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



