शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने डायट भीमताल का किया औचक निरीक्षण।

शैक्षिक व प्रशासनिक व्यवस्थाओं की ली जानकारी।

हल्द्वानी (नैनीताल)। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कुमाऊँ मंडल के एक दिवसीय दौरे के दौरान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान भीमताल (डायट) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से संस्थान की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

डॉ. रावत ने भ्रमण के दौरान विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्थाओं को भी परखा। इसके अतिरिक्त उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि उन्होंने डायट भीमताल सहित विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों, संसाधनों की उपलब्धता, शिक्षकों के प्रशिक्षण मॉड्यूल एवं संस्थान की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान डायट परिसर में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय भवन एवं प्रशासनिक भवन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने एचजीएस स्कूल, भीमताल का भ्रमण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही भीमताल, नौकुचियाताल, हल्द्वानी एवं बागेश्वर के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शनिवार से प्रारंभ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षाएं नकलविहीन, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

कुमाऊँ दौरे के दौरान डॉ. रावत ने हल्द्वानी में अमर उजाला एवं देवभूमि फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘देवभूमि शिक्षा सम्मान’ के चतुर्थ संस्करण में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवाचारी एवं समर्पित कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे मजबूत नींव हैं। गुरु न केवल ज्ञान देते हैं, बल्कि संस्कार, प्रेरणा एवं राष्ट्र निर्माण की भावना भी जगाते हैं। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भ्रमण के दौरान नौकुचियाताल एवं बागेश्वर पहुंचने पर डॉ. रावत का भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *