गुड्डू खजान ने 4 किमी सड़क की बदहाल स्थिति पर जताई कड़ी नाराज़गी।
स्थलीय निरीक्षण कर की पक्का निर्माण की मांग।
बेरीनाग (पिथौरागढ़)। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री गुड्डू खजान ने आज रविवार क्षेत्र भ्रमण के दौरान भुवनेश्वर विनायक घाटी से गनौरा होते हुए ल्वारकटिया तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग करीब 03 हजार से अधिक लोगों की जीवनरेखा है, लेकिन आज भी इसकी स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि वर्षों पूर्व मात्र 01 लाख रुपये की निधि से इस सड़क को काटा गया था, लेकिन आज तक इसका समुचित निर्माण और डामरीकरण नहीं हो पाया। गंगोलीहाट विधानसभा विकासखंड बेरीनाग के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र की लगातार उपेक्षा की गई है।
मंत्री गुड्डू खजान ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वर्तमान क्षेत्र विधायक पूर्व में जिला पंचायत सदस्य भी रहे हैं। इसके बावजूद इस सड़क की अनदेखी होना समझ से परे है। जब प्रतिनिधित्व का अनुभव भी रहा हो, तब विकास कार्यों की यह स्थिति कई सवाल खड़े करती है।
उन्होंने बताया कि बरसात के समय यह मार्ग जानलेवा बन जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
पूर्व दर्जा राज्य मंत्री ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि तत्काल बजट स्वीकृत कर इस सड़क का पक्का निर्माण कार्य शुरु किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और समयबद्ध कार्रवाई चाहती है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




