मानिला क्षेत्र में मंदिरों पर चोरों का हमला, माता मंदिर से घंटियां व दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण क्षेत्र के नैलवाल पाली स्थित माता मंदिर में विगत रात्रि अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर की घंटियां एवं दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक माह के भीतर आस-पास के कई मंदिरों में भी इसी प्रकार की चोरियां हो चुकी हैं। इनमें प्रमुख रुप से कनगाड़ी गाँव का मंदिर, नैलवाल पाली इंटर कॉलेज के ऊपर स्थित सिद्धी बाबा मंदिर तथा कैनाबाग शिव मंदिर, नैलवाल पाली शामिल हैं।

इन सभी मंदिरों में लगभग एक माह पूर्व भी चोरी की घटनाएं हुई थी, जिनकी मौखिक सूचना ग्रामवासियों द्वारा प्रशासन को दी गई थी। हालांकि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र की जनता में असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं स्थानीय कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं और लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा रही हैं।

देवी मंदिर समिति, नैलवाल पाली के सदस्य हरीदत्त नैलवाल ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर सघन जाँच की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों ने इस क्रम में आज सोमवार को तहसीलदार रवि शाह को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की अपील की।

इस मौके पर कमल नैनवाल, प्रताप सिंह मेहरा, आनंद नैनवाल, हरीश चंद्र, लक्ष्मण सिंह, बालम सिंह, कमला देवी, कविता नैनवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य खीमा देवी, पुष्कर अस्वाल और गोविंद सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *