भिकियासैंण में 27 फरवरी को वृहद बहुउद्देशीय विधिक जागरुकता शिविर, मौके पर होगी जनसमस्याओं की सुनवाई।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा द्वारा दिनांक 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 10:00 बजे से अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, भिकियासैंण में वृहद बहुउद्देशीय विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह शिविर भिकियासैंण क्षेत्र की जनता को विधिक जानकारी प्रदान करने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों — वन विभाग, चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण, पशु चिकित्सा, ग्राम्य विकास, उद्योग, लोक निर्माण, विद्युत, पर्यटन, सैनिक कल्याण, मत्स्य विभाग, जल संस्थान आदि द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए जाएंगे।
विभागाध्यक्ष अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देंगे तथा आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। शिविर में निःशुल्क चिकित्सीय परीक्षण एवं नेत्र परीक्षण की भी व्यवस्था रहेगी।
प्राधिकरण की ओर से क्षेत्र की समस्त जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




