टैक्सी चालक ने महिला पर्यटक से दुष्कर्म का प्रयास कर लूटा मोबाइल, 10 घंटे में गिरफ्तार।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस की त्वरित कार्रवाई।

एसएसपी बोले – महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता।

हल्द्वानी (नैनीताल)। दिनांक 05 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुंची। हल्द्वानी से वह ऑटो के माध्यम से काठगोदाम आई और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी हायर कर रात में काठगोदाम से नैनीताल के लिए रवाना हुई।

रात्रि लगभग 01:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाधांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने वाहन रोककर उसके साथ बदतमीजी और मारपीट की तथा दुष्कर्म का प्रयास किया। साथ ही महिला का मोबाइल फोन भी लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।

दिनांक 06 मार्च 2026 को प्रातः स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया गया और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना तल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 धारा 64/309(6)/137 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र को शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों, वाहन संख्या UK04TB5500 (वैगनार) तथा वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जाँच करते हुए आरोपी चालक दीपक सिंह बोरा को पाइन्स-भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन (Vivo Y100) बरामद किया गया तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्त:
दीपक सिंह बोरा पुत्र नंदन सिंह बोरा, उम्र 39 वर्ष, निवासी गुजरीड़ा फतेहपुर थाना मुखानी, जिला नैनीताल

बरामदगी में:
● पीड़िता का मोबाइल फोन (Vivo Y100)
● घटना में प्रयुक्त वाहन UK04TB5500 (वैगनार)

पुलिस टीम में:
● मनोज सिंह नयाल, थानाध्यक्ष तल्लीताल
● उ.नि. सतीश उपाध्याय
● म.उ.नि. बबीता
● अ.उ.नि. सुनील कुमार
● का. बृजमोहन
● का. परमजीत सिंह शामिल रहे।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और 10 घंटे के भीतर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराध करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *