नागरिक शिक्षा केन्द्र बासोट व एनआरएलएम द्वारा संयुक्त रुप से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भारत ज्ञान विज्ञान समिति के तहत नागरिक शिक्षा केन्द्र बासोट व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, नारी शक्ति स्वायत सहकारिता क्लस्टर न्याय पंचायत बासोट द्वारा संयुक्त रुप से राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़े धूमधाम के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ नारी शक्ति स्वायत सहकारिता क्लस्टर बासोट की अध्यक्ष बीना बिष्ट व उनके सहयोगियों द्वारा किया गया। मंचस्थ अतिथियों में ग्राम प्रधान बासोट शिवानी भंडारी, ग्राम प्रधान बिनोली कृष्णा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सौंरे कमला देवी, तोलकांडे की प्रधान नीमा देवी, जिला पंचायत सदस्य नीमा कड़ाकोटी, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक नंदकिशोर उप्रेती, कृपाल सिंह शीला, एनआरएलएम से ब्लॉक मिशन प्रबंधक चन्द्र किशोर, लेखाकार संजय कुमार व दीपक शर्मा (आजीविका समन्वयक ग्रामोत्थान) को बैज लगाकर व माल्यार्पण के साथ स्वागत किया गया।
मंचस्थ अतिथि शिवानी भंडारी व कृष्णा देवी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाए जाने तथा इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं के सम्मान किए जाने की प्रशंसा की। भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला ने नागरिक शिक्षा केन्द्र बासोट का शुभारंभ मंचस्थ अतिथियों द्वारा रिबन काटकर कराया। साथ ही राधा बंगारी द्वारा भारत ज्ञान विज्ञान समिति के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए समता स्मारिका 2026 “हमारा कारवाँ” का विमोचन मंचस्थ अतिथियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में सोम्या, रक्षिता व दिव्या द्वारा बहुत अच्छी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। इस अवसर पर क्लस्टर बासोट की सचिव अम्बा देवी, सन्तोषी देवी सहित अन्य महिलाओं को सम्मानित किया गया।
नंदकिशोर उप्रेती ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरुक होने की आवश्यकता है। वहीं भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला ने कहा कि आज महिलाओं को अपने अधिकारों को समझना होगा। हम विज्ञान संचार क्रांति के युग में जी रहे हैं और हमें आज की आधुनिक तकनीकी के साथ चलना होगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने व सहयोग के लिए नारी शक्ति स्वायत सहकारिता क्लस्टर बासोट की अध्यक्ष बीना बिष्ट व भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिला सचिव कृपाल सिंह शीला ने सभी मंचस्थ अतिथियों, सम्मानित महिलाओं व बच्चों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर देवकी देवी, गीता देवी, नीमा देवी, आरुष, मोहित, रामदत्त उप्रेती, किरन उप्रेती, ज्योति देवी, सविता देवी, राधा देवी, दीपा देवी, ज्योति उप्रेती, तारा आर्या, गंगा देवी, कमला देवी, राधिका देवी, गीता उप्रेती, अमृता देवी, अनीता देवी, मीना देवी, रेखा देवी, जानकी देवी आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









