राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में एनएसएस इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर, किशनपुर गौलापार में सप्त दिवसीय “विशेष शिविर” के प्रथम दिवस पर भव्य उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार, मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, समाजसेवी प्रकाश पांडे, चिकित्साधिकारी दौलतपुर डॉ. कंचन सुंठा, अभिभावक संघ सदस्य राकेश बिष्ट तथा समाजसेवी एवं उद्यमी अभिजीत बिष्ट द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इसके बाद स्वयंसेवियों ने सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत, अभिनंदन गीत के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डी.सी. पांडे ने राष्ट्रीय सेवा योजना से संबंधित विस्तृत व्याख्यान के माध्यम से स्वयंसेवियों को एनएसएस के इतिहास, उद्देश्य एवं सामाजिक महत्व के बारे में जानकारी दी।
समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों ने अपने-अपने संबोधनों के माध्यम से सभी स्वयंसेवियों का आह्वान करते हुए समाज सेवा के प्रति जागरुक किया। उन्होंने छात्र हित में महाविद्यालय को हर प्रकार का सहयोग देने का भरोसा भी दिया।
शारीरिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए अधिक से अधिक संख्या में सप्त दिवसीय विशेष शिविर में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद सभी स्वयंसेवियों ने योग प्रशिक्षक चंद्रकला के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए।
तत्पश्चात स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत गाते हुए महाविद्यालय के समीपस्थ क्षेत्रों मदनपुर, बसंतपुर, किशनपुर और कल्याणपुर में जाकर “राष्ट्रीय सेवा योजना” पर आधारित जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय परिसर तथा नर्मदेश्वर मंदिर प्रांगण में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाते हुए साफ-सफाई की।
विशेष शिविर के प्रथम दिवस के बौद्धिक सत्र में वित्तीय सलाहकार सेबी के भरत राज आनंद एवं सुरेश बिष्ट द्वारा “वित्तीय प्रबंधन एवं डिजिटल अवेयरनेस” विषय पर स्वयंसेवियों को विस्तृत व्याख्यान दिया गया।
जलपान सत्र के अंतर्गत शिविर के प्रथम दिवस पर सुबह नाश्ते में स्वयंसेवियों द्वारा चाय, चिप्स एवं हलवा बनाया गया। मध्याह्न भोजन में दाल, चावल, सब्जी एवं सलाद तथा रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी एवं सलाद तैयार किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी एवं डॉ. किरण जोशी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस शिविर में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. डी.सी. पांडे, डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. भारती, डॉ. बसंत कुमार नेगी, डॉ. बुशरा, डॉ. सुरेश जोशी, डॉ. रीमा आर्य, डॉ. आशीष अंशु, डॉ. कंचन जोशी, डॉ. सुरभि गुप्ता, डॉ. भुवन मठपाल सहित समस्त कर्मचारियों, स्वयंसेवियों एवं अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









