‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत भिकियासैंण व चौखुटिया में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित।
भिकियासैंण/चौखुटिया (अल्मोड़ा)। सरकार की पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत भिकियासैंण तथा चौखुटिया विकासखंडों की न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों को उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के तहत विकासखंड भिकियासैंण की न्याय पंचायत नौला में आयोजित शिविर में कुल 452 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान 49 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया।
इसी क्रम में विकासखंड चौखुटिया की न्याय पंचायत मासी में आयोजित शिविर में 214 लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 51 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से 38 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस प्रकार दोनों शिविरों के माध्यम से कुल 666 लोगों को लाभान्वित किया गया।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनीं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं को आमजन तक सीधे पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









