भतरौंजखान थाने में भाजपा नेता नंदन सिंह रावत पर महिला उत्पीड़न के गंभीर आरोप, मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी फरार।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। थाना भतरौंजखान में एक महिला ने भाजपा के एक नेता पर 09 वर्ष तक शादी का झूठा झांसा देकर महिला उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने जालसाजी, ठगी और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
विकासखंड मुख्यालय में कार्यरत महिला ने अपनी तहरीर में बताया है कि आरोपी स्वयं भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है और उसका नाम नंदन सिंह रावत है। महिला के अनुसार करीब 09 वर्ष पहले अल्मोड़ा के चितई गोल्ज्यू मंदिर में नंदन सिंह रावत ने उससे विवाह की रस्म निभाई और मंगलसूत्र पहनाया। इसके बाद महिला ने उसे अपना सब कुछ मानते हुए उसके साथ रहना शुरु कर दिया।
महिला का आरोप है कि इन 09 वर्षों के दौरान दोनों साथ घूमते-फिरते रहे और नंदन सिंह रावत महिला के घर पर उसके परिवार के साथ भी रहा। महिला के अनुसार नंदन सिंह रावत ने उसके सरकारी पद का फायदा उठाते हुए उससे गाड़ी, कपड़े, मकान का किराया और निजी खर्च के लिए लाखों रुपये भी लिए।
लंबे समय तक चले संबंध के बाद जब महिला ने शादी को कानूनी रुप देकर रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही, तो नंदन सिंह रावत की माँ और अन्य परिजनों ने यह कहकर मना कर दिया कि हम नीची जात वालों से शादी नहीं करते। महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे धमकाया और कहा कि जो कर सकती हो कर लो।
इसके बाद महिला ने कानून का सहारा लेते हुए 09 मार्च 2026 को थाना भतरौंजखान में लिखित तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के घरों में जाँच शुरू की। जब पुलिस नंदन सिंह रावत के बासोट स्थित किराए के मकान पर पहुंची, तब तक वह वहां से फरार हो चुका था।
अगले दिन पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ उसी मकान में दोबारा पहुंची और घर का ताला तोड़कर उसे सीज कर दिया। साथ ही पुलिस ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी अपने कब्जे में लिए।
बताया गया है कि महिला के पति का पूर्व में गंभीर बीमारी के कारण निधन हो चुका है। जानकारी के अनुसार भाजपा की सदस्यता लेने से पहले नंदन सिंह रावत कांग्रेस ब्लॉक कमेटी भिकियासैंण के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
बताया जाता है कि आपसी नाराजगी के बाद नंदन सिंह रावत ने भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में संगठन महामंत्री अजय कुमार और रानीखेत विधायक प्रमोद नैनवाल की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली थी। ऐसे में बड़े नेताओं का उसके बचाव में आना भी स्वाभाविक प्रतीत होता है। नंदन पूर्व में कांग्रेस से जुड़ा रहा है, इसलिए उसका उठना-बैठना कांग्रेस नेताओं के साथ भी स्वाभाविक माना जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस पीड़िता को न्याय दिला पाती है या दबाव में पूरे घटनाक्रम पर पर्दा पड़ता है। आरोपी मूल रुप से बासोट के चनुली गाँव का निवासी बताया गया है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









