राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में एनएसएस विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरुकता अभियान व स्वास्थ्य शिविर आयोजित।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर किशनपुर गौलापार में आयोजित सप्तदिवसीय “विशेष शिविर” के तृतीय दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वंदना के साथ माँ शारदे के श्री चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत, अभिनंदन गीत के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई।
सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी द्वारा तृतीय दिवस की रुपरेखा स्वयंसेवियों के समक्ष प्रस्तुत की गई। समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों ने अपने-अपने संबोधनों के माध्यम से स्वयंसेवियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के शारीरिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए अधिक से अधिक संख्या में विशेष शिविर में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने योग प्रशिक्षक चंद्रकला के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए।
तदुपरांत स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत गाते हुए ग्राम बसंतपुर एवं गंगापुर में जाकर “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसके बाद स्वयंसेवियों द्वारा वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
विशेष शिविर के तृतीय दिवस के बौद्धिक सत्र में उजाला सिग्नस सेंट्रल हॉस्पिटल द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बीपी, शुगर, नेत्र जाँच तथा जनरल फिजिशियन द्वारा निःशुल्क परामर्श दिया गया।
मेडिकल टीम में जनरल फिजिशियन डॉ. प्रदीप कुमार, ऑप्टोमेट्रिस्ट अमित कुमार, नर्सिंग महिमा आर्य, जीडीए अनीता, मार्केटिंग इंचार्ज पंकज लेखा, मार्केटिंग मैनेजर मनोज जोशी तथा स्टॉफ राकेश वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की यूनिवर्सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवांगी चनियाल मुख्य वक्ता के रुप में उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वयंसेवियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं एनएसएस की महत्ता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने पूरे विशेष शिविर कार्यक्रम का निरीक्षण भी किया।
जलपान सत्र के अंतर्गत तृतीय दिवस पर सुबह के नाश्ते में स्वयंसेवियों द्वारा चाय एवं दलिया बनाया गया। मध्याह्न भोजन में दाल, चावल, सब्जी, सलाद एवं रायता तथा रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी, फ्राइड चावल एवं सलाद तैयार किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी एवं डॉ. किरण जोशी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस शिविर में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. डी.सी. पांडे, डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. प्रकाश मठपाल, डॉ. भारती, डॉ. बसंत कुमार नेगी, डॉ. बुशरा, डॉ. सुरेश जोशी, डॉ. रीमा आर्य, डॉ. आशीष अंशु, डॉ. कंचन जोशी, डॉ. सुरभि गुप्ता, डॉ. भुवन मठपाल, डॉ. पूजा ध्यानी सहित समस्त कर्मचारी, स्वयंसेवी एवं अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









