अर्द्धसैनिक कल्याण बोर्ड पर शासनादेश जारी न होने से पूर्व अर्द्धसैनिक कार्मिकों में नाराज़गी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं के बावजूद अर्द्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन का शासनादेश जारी न होने से पूर्व अर्द्धसैनिक बल कार्मिकों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है। इस संबंध में पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कार्मिक संगठन ने पुनः बजट सत्र के दौरान गैरसैंण में ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखी।
संगठन की ओर से बताया गया कि 03 दिसंबर 2025 को काठगोदाम स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अर्द्धसैनिक संगठन कल्याण बोर्ड के गठन को लेकर घोषणा की गई थी और शीघ्र शासनादेश जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री द्वारा सम्मेलन के दौरान की गई घोषणाओं को आज तक शासनादेश के रुप में जारी नहीं किया गया है। संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि 18 फरवरी 2026 को इस संबंध में मुख्यमंत्री से व्हाट्सएप के माध्यम से भी अनुरोध किया गया था। साथ ही यह भी अवगत कराया गया था कि संगठन की अगली तिमाही बैठक 11 मार्च 2026 को देहरादून में आयोजित होने वाली है, जिसमें इन घोषणाओं पर चर्चा होना तय है।
संगठन को उम्मीद थी कि 25 फरवरी 2026 को हुई कैबिनेट बैठक में इन घोषणाओं पर मुहर लगाकर शासनादेश जारी कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होने से सदस्यों में निराशा है। संगठन ने सवाल उठाया है कि क्या शासन में बैठे अधिकारी मुख्यमंत्री की घोषणाओं की अनदेखी कर सकते हैं।
संगठन ने अपने ज्ञापन में यह भी कहा कि उनका संगठन गैर-राजनीतिक है, लेकिन लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान संगठन की कार्यकारिणी यह निर्णय लेती है कि जो भी राजनीतिक दल उनके हितों के लिए कार्य करने का आश्वासन देता है, उसके प्रत्याशियों के समर्थन में संगठन के सदस्य और उनके परिवार चुनाव के दौरान कार्य करते हैं। संगठन के अनुसार वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में आश्वासन मिलने के बाद से अब तक उनके सदस्य लगातार भाजपा को लोकसभा और विधानसभा चुनावों में समर्थन देते आ रहे हैं।
संगठन ने मुख्यमंत्री से पुनः अनुरोध किया है कि 03 दिसंबर 2025 को की गई घोषणाओं को कैबिनेट में स्वीकृति देकर संबंधित अधिकारियों को शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि आगामी माह में होने वाली संगठन की बैठक में सदस्यों को इस बारे में जानकारी दी जा सके।
इस दौरान संगठन ने सल्ट विधायक महेश जीना के सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष अल्मोड़ा तारादत्त शर्मा, बिशन सिंह, गोपाल सिंह, महेश्वर सिंह, शंकर सिंह आदि शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









