राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में एनएसएस शिविर के पंचम दिवस पर नशा मुक्ति व साइबर सुरक्षा को लेकर जागरुकता कार्यक्रम।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर जारी है। शिविर के पंचम दिवस के अंतर्गत स्वयंसेवियों द्वारा दिन की शुरुआत व्यायाम और योगासन से की गई।
शारीरिक सत्र में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सोनम के निर्देशन में ग्राम धूरा, कढोली में नशा मुक्ति अभियान और साइबर सुरक्षा जागरुकता रैली निकाली गई। स्वयंसेवियों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे की लत से होने वाले दुष्प्रभाव और उसके परिणामों के बारे में जागरुक किया गया।
साथ ही स्वयंसेवी सुषमा नैनवाल ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा से जुड़े हमलों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। स्वयंसेवियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की ग्रामीणों ने काफी सराहना की।
बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता के रुप में संजीवनी विकास जन कल्याण समिति के हिमांशु मनराल और प्रवेश सोटियाल उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवियों को स्वयं सहायता समूह के गठन, कृषि, मशरुम उत्पादन, बागवानी और मधुमक्खी पालन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वयंसेवकों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सोनम, पूरन सिंह जलाल सहित समस्त स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










