राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में एनएसएस विशेष शिविर के छठवें दिवस पर जिला कोऑर्डिनेटर प्रो. जगमोहन सिंह नेगी ने किया औचक निरीक्षण।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, किशनपुर, गौलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय “विशेष शिविर” के छठवें दिवस का आयोजन श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर, किशनपुर, गौलापार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वंदना के साथ माँ शारदे के श्री चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इसके बाद स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत, अभिनंदन गीत के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी द्वारा छठवें दिवस की रुपरेखा स्वयंसेवियों के समक्ष प्रस्तुत की गई। समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों ने अपने-अपने वक्तव्यों के माध्यम से स्वयंसेवियों का आह्वान करते हुए उन्हें समाज सेवा के प्रति जागरुक किया।
कार्यक्रम के शारीरिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए अधिक से अधिक संख्या में सप्तदिवसीय विशेष शिविर में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। तत्पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए गए।
इसके बाद स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत गाते हुए ग्राम किशनपुर एवं कल्याणपुर में जाकर “महिला सशक्तिकरण” विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं जन-जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। तत्पश्चात सभी स्वयंसेवियों द्वारा वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
विशेष शिविर के बौद्धिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम कुंवरपुर, गौलापार पुलिस चौकी से आए हेड कांस्टेबल मलखान सिंह ने स्वयंसेवियों को नशा मुक्ति, साइबर क्राइम, महिला अपराध, यातायात नियम एवं उत्तराखंड मित्र पुलिस से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी देकर मार्गदर्शन किया।
इसके पश्चात गौलापार क्षेत्र के युवा व्यवसायी “जी गंगा जी” मसाला उद्योग के उद्यमी मोहन चंद्र कबड़वाल ने स्वयंसेवियों को स्वरोजगार शुरु करने से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।
बौद्धिक सत्र के समापन पर राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला कोऑर्डिनेटर प्रोफेसर जगमोहन सिंह नेगी ने विशेष शिविर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, शिविर व्यवस्था, जलपान व्यवस्था, रहन-सहन व्यवस्था, स्वयंसेवियों के अनुशासन तथा शिविर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जाँच की। जिला कोऑर्डिनेटर के औचक निरीक्षण में सभी विद्यार्थियों को अनुशासन में पाया गया तथा सभी व्यवस्थाएं मानकानुसार पाई गई। उन्होंने समस्त स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए सभी स्वयंसेवियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जलपान के अंतर्गत विशेष शिविर के छठवें दिवस में सुबह नाश्ते में स्वयंसेवियों द्वारा चाय एवं दलिया बनाया गया। मध्याह्न भोजन में दाल, चावल, सब्जी एवं सलाद, जबकि रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी, फ्राइड चावल एवं सलाद तैयार किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी एवं डॉ. किरण जोशी ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया। संबंधित विशेष शिविर में समस्त स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










