मैदान से पहाड़ों तक जमीन की दोहरी रजिस्ट्री के मामले।
चित्रकूट इंटर कॉलेज की भूमि दोहरी रजिस्ट्री का शिकार, पहाड़ी व्यक्ति ने शुरु किया निर्माण।
स्याल्दे (अल्मोड़ा)। विकासखण्ड स्याल्दे के अंतर्गत ग्रामसभा रुडोली (चित्तौड़खाल) स्थित मध्य अशासकीय इंटर कॉलेज चित्रकूट की भूमि दोहरी रजिस्ट्री के मामले में विवादों में आ गई है। जानकारी के अनुसार रुडोली के कुछ काश्तकारों द्वारा वर्ष 1999 में विद्यालय के नाम लगभग 15 नाली भूमि पंजीकृत की गई थी।
बताया जा रहा है कि इसी भूमि में से रुडोली निवासी कल्याण सिंह पुत्र झगड़ सिंह द्वारा दी गई भूमि संख्या खसरा नंबर 17 के अंतर्गत 568 नंबर की 2 नाली 4 मुट्ठी भूमि भी राजकीय इंटर कॉलेज चित्रकूट के नाम वर्ष 1999 में पंजीकृत हो चुकी थी।
लेकिन वर्तमान में इसी भूमि संख्या 568 पर किसी पहाड़ी व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। इस गंभीर विषय को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रशासन ने मामले की जाँच और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रशासन को आवेदन दिया है।
इंटर कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रबंधक प्रताप सिंह बिष्ट के अनुसार, विद्यालय के नाम पंजीकृत निजी भूमि संख्या 568 की दोबारा किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कैसे हो गई, यह गंभीर प्रश्न है और इसकी निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए।
विद्यालय प्रबंधन समिति में उप-प्रबंधक गोपाल सिंह, उपाध्यक्ष सुल्तान सिंह और अध्यक्ष भवानी राम ने भी मामले की जाँच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं नायब तहसीलदार स्याल्दे सुनील दत्त सिमल्टी ने बताया कि उपलब्ध तथ्यों के अनुसार विद्यालय की भूमि की रजिस्ट्री वर्ष 1999 में हो चुकी है। इसके बावजूद उसी भूमि की दोबारा रजिस्ट्री कैसे हुई, इसकी जाँच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की व्यक्तिगत रुप से जाँच की जाएगी और संबंधित पक्ष को न्याय दिलाया जाएगा।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










