राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव, ‘अक्षरा’ पत्रिका का हुआ विमोचन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार, मानिला में धूमधाम से वार्षिकोत्सव मनाया गया। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनशीलता तथा सांस्कृतिक चेतना को अभिव्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी. एस. यादव, मुख्य अतिथि विधायक महेश जीना के प्रतिनिधि करन जीना तथा विशिष्ट अतिथि महेश्वर सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष चाय विकास बोर्ड (दर्जा राज्य मंत्री, उत्तराखंड) द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गोरखनाथ द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।

इसी क्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा वर्षभर आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं खेलकूद गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाटक तथा लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन प्रदान किया, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, सामाजिक मूल्यों और विविधता में एकता का भी सुंदर संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं, यूजीसी नेट, पीएचडी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले, उत्तराखंड उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना में स्थान प्राप्त करने वाले तथा विभागीय गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इससे विद्यार्थियों में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ तथा उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिली।

इसी क्रम में महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘अक्षरा’ का भी विमोचन किया गया। पत्रिका में विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों की रचनात्मक अभिव्यक्तियाँ जैसे लेख, कविताएँ, कहानियाँ, संस्मरण एवं शोधपरक आलेख सम्मिलित किए गए हैं। यह पत्रिका विद्यार्थियों की साहित्यिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ महाविद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का दस्तावेज भी है।

पत्रिका के संपादन में डॉ. भावना अग्रवाल, डॉ. कविंद्र भट्ट, डॉ. रविन्द्र मिश्र सहित समस्त प्रबुद्ध प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। उनकी मेहनत और समर्पण के कारण पत्रिका आकर्षक, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रुप में प्रकाशित हो सकी। इसी के साथ लोकगायक रमेश नेगी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया।

अंत में प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वार्षिकोत्सव में समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, स्थानीय जनता, अभिभावक, शोधार्थी एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शेफाली सक्सेना एवं डॉ. पीतांबर दत्त पंत द्वारा संयुक्त रुप से किया गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *