भिकियासैंण में आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्यों के लिए किया गया सम्मानित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। बाल विकास परियोजना कार्यालय भिकियासैंण में आज मंगलवार को आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण कार्यों के लिए प्रमाण पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीडीपीओ भिकियासैंण मुकेश कुमार सिंह द्वारा कार्यकर्ताओं को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुल 30 आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।

समारोह के दौरान स्वर्ण श्रेणी के प्रमाण पत्र आँगनबाड़ी कार्यकर्ती कविता बिष्ट, पुष्पा देवी, गीता मठपाल, दयमंती देवी, प्रेमलता पांडेय, हेमा बिष्ट व विमला देवी को उनके सर्वोत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में पर्यवेक्षक मंजू डंगवाल ने एनपीई के अंतर्गत 03 से 06 वर्ष के बच्चों के लिए निर्धारित पाठ्यक्रम ‘आधारशिला’ की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही पर्यवेक्षक मालती देवी, मिशन आरंभ से जिला समन्वयक पंकज रावत एवं राज्य शैक्षणिक विशेषज्ञ सौम्या की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

इस अवसर पर सभी आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक बच्चे का व्यक्तिगत पोर्टफोलियो तैयार किया जाए। इस पोर्टफोलियो में बच्चों की शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं संज्ञानात्मक प्रगति से संबंधित गतिविधियों और उपलब्धियों का समुचित विवरण रखा जाएगा, जिससे उनके समग्र विकास का प्रभावी मूल्यांकन सुनिश्चित हो सके।

सीडीपीओ ने आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण एवं नवाचारपूर्ण प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से आँगनबाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में निरंतर सुधार होगा।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए किया गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *