एनएसएस स्वयंसेवियों का पर्यावरण संरक्षण अभियान, गाँव-गाँव पौधारोपण और स्वच्छता का संदेश।
भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय भतरौंजखान के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय परिसर सिनौड़ा गाँव तथा आस-पास के क्षेत्रों में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सक्सेना एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवियों ने सिनौड़ा गाँव में विभिन्न स्थानों पर फलदार पौधे लगाए और गाँव में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं साफ-सफाई के महत्व के प्रति जागरुक किया।
इसके साथ ही स्वयंसेवियों ने गाँव के समीप स्थित अंबा पार्वती मंदिर परिसर में सफाई कार्य कर अपनी सेवाएं प्रदान की। उन्होंने गाँव के बुजुर्गों की सहायता कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
सांध्यकाल में आयोजित कैम्प फायर कार्यक्रम में स्वयंसेवियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे पूरे शिविर का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया।
इस प्रकार एनएसएस स्वयंसेवियों ने सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










