नाबालिग बाइक सवार की लापरवाही पड़ी भारी, चेकिंग से बचने के प्रयास में होमगार्ड जवान को मारी टक्कर।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नाबालिग बाइक सवार को लापरवाही भारी पड़ गई। चेकिंग से बचने के लिए भागते समय उसने होमगार्ड जवान को टक्कर मार दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसे संरक्षण में लेकर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोतवाली व थाना प्रभारियों द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार द्वारा पुलिस टीम के साथ छोटी घट्टी तिराहा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान दिल्ली नंबर की एक बुलेट मोटरसाइकिल, जिस पर 02 युवक सवार थे, को रोकने का संकेत दिया गया। किन्तु बाइक सवार पुलिस को चकमा देते हुए रैश ड्राइविंग कर तेज रफ्तार में भतरौंजखान की ओर भाग निकले।
संदिग्ध प्रतीत होने पर थानाध्यक्ष द्वारा क्षेत्र में पहले से मौजूद पुलिस बल को सतर्क किया गया। भतरौंजखान में तैनात पुलिस जवानों ने बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तेज गति से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने होमगार्ड जवान श्याम सुंदर को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए।
मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए विधि विरुद्ध बाइक सवार बालक को संरक्षण में लिया व प्रदीप सिंह (उम्र 19 वर्ष) को भी मौके पर ही पकड़ लिया।
घायल होमगार्ड जवान को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी सेंटर भेजा गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया।
इस संबंध में थाना भतरौंजखान में FIR No. 05/26 के अंतर्गत धारा 109, 121(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया। मौके पर बाइक सवार के परिजनों को बुलाया गया। उक्त मामले में वाहन स्वामी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










