एम.बी.पी.जी. कॉलेज हल्द्वानी में STEM लैब व महिला सशक्तिकरण पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित।
हल्द्वानी (नैनीताल)। एम.बी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी में करियर काउंसलिंग एवं सभागार कक्ष में छात्र-छात्राओं के लिए STEM लैब तथा महिला सशक्तिकरण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल एवं प्रभावी आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एन. एस. बनकोटी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम की रुपरेखा एवं उद्देश्य करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. नवल किशोर लोहानी द्वारा प्रस्तुत किए गए। उन्होंने इस प्रकार की कार्यशालाओं को विद्यार्थियों के कौशल विकास, रोजगारोन्मुख शिक्षा तथा समग्र व्यक्तित्व निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यशाला को दो सत्रों में संपन्न किया गया। प्रथम सत्र में STEM लैब की अवधारणा, उसकी उपयोगिता तथा महाविद्यालय में इसके प्रभावी विकास हेतु विभिन्न सुझावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस सत्र में मुख्य वक्ता के रुप में प्रदीप सिंह बोरा (विज्ञान शाला फाउंडेशन) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक, अनुसंधान-आधारित एवं नवाचारपरक शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए STEM क्षेत्र में उभरती संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र में महिला सशक्तिकरण विषय पर तकनीकी एवं सामाजिक दृष्टिकोण से विचार-विमर्श किया गया। इस सत्र में किरण जोशी (अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन) द्वारा महिला सशक्तिकरण में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी, लैंगिक समानता एवं असमानता के विभिन्न आयामों तथा सतत विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत एवं प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विषय से संबंधित महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्रोफेसर मनीषा बिष्ट, प्रोफेसर नंदन सिंह कार्की, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. चारु धौंडियाल, डॉ. सुबोध श्रीवास्तव सहित अनेक प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक गतिविधियों के आयोजन का आश्वासन दिया गया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










