दो दिवसीय 33वां उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह संपन्न, कपिलेश, किशन व यमुना राम सहित कई हस्तियां सम्मानित।
अल्मोड़ा। दो दिवसीय 33वां उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह जिला पंचायत सभागार अल्मोड़ा में संपन्न हो गया है। उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट की ओर से उल्लेखनीय कार्यों के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
ट्रस्ट की ओर से उमेश डोभाल स्मृति सम्मान 2025 कपिलेश भोज को उनकी साहित्य धर्मिता के प्रति समर्पण, प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। राजेंद्र रावत ‘राजू’ स्मृति जनसरोकार सम्मान पर्यावरण संवर्धन के प्रति समर्पित एवं वृक्ष प्रेमी किशन सिंह मलड़ा को दिया गया। गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ स्मृति जनकवि सम्मान सुप्रसिद्ध रंगकर्मी यमुना राम को उनके जनपक्षीय नाटकों एवं जनगीतों के लिए प्रदान किया गया।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पुरस्कार “विजयपथ न्यूज” के विजय रावत को तथा प्रिंट मीडिया पुरस्कार राजू सजवाण को दिया गया। भुवनेश्वरी जोशी प्रतिभा सम्मान बालिका वर्ग में मोनिका पंवार (चमियाला, टेहरी गढ़वाल) को तथा अनिरुद्ध जोशी प्रतिभा सम्मान बालक वर्ग में करन राज (जीआईसी क्यार्क, पौड़ी गढ़वाल) को प्रदान किया गया।
ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद पंत राजू, प्रोफेसर शेखर पाठक, राजीव लोचन साह, रंगकर्मी जुहुर आलम, पी.सी. तिवारी आदि ने पुरस्कार वितरित किए। वक्ताओं ने कहा कि उमेश डोभाल की शहादत सच की लड़ाई को जिंदा रखने की राह दिखाती है। उनके साहस और लेखनी की गाथा भावी पत्रकारों को सत्य के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती रहेगी।
आयोजन समिति सदस्य रमेश जोशी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन लोकेश धस्माना और विजयवर्धन उप्रेती ने संयुक्त रुप से किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार दयाशंकर टम्टा, नवीन बिष्ट, डॉ. हयात सिंह रावत, राजेंद्र रावत, चंद्रशेखर द्विवेदी, प्रेस क्लब अध्यक्ष जगदीश जोशी, सचिव अशोक पांडे, कपिल मल्होत्रा, हरीश भंडारी, किशन जोशी, प्रकाश पांडे, कमलेश कनवाल, शिवेंद्र गोस्वामी, जग जीवन सिंह, हिमांशु लटवाल, प्रमोद जोशी, नसीम अहमद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।



