गैस रिफिल के लिए नई व्यवस्था लागू, अब DAC नंबर और बुकिंग अनिवार्य।
अल्मोड़ा। वर्तमान हालातों और सिलेंडरों की बढ़ती मांग के बीच अब गैस रिफिल को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। नई एसओपी के अनुसार अब बिना DAC नंबर (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) और गैस बुकिंग के किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर रिफिल नहीं किया जाएगा।
गैस एजेंसी संचालकों ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि DAC नंबर प्राप्त होने के बाद ही निर्धारित केंद्रों पर सिलेंडर रिफिल के लिए पहुंचें। साथ ही उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे एक या दो दिन पहले ही गैस बुकिंग अनिवार्य रुप से करा लें, ताकि रिफिल के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रबंधकों ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित स्थानों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। अधिक भीड़ के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कई बार अफरा-तफरी का माहौल भी बन जा रहा है। प्रशासन और एजेंसियों की ओर से लोगों से सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।



