सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार।

इंस्टाग्राम रील बनाकर वायरल होने की चाह पड़ी भारी, SSP नैनीताल के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई।

हल्द्वानी (नैनीताल)। सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ फोटो पोस्ट कर शहर में दहशत फैलाने वाले युवक को हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।

एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ फोटो डालकर हल्द्वानी क्षेत्र में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया गया। इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

उक्त आदेश के क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा दिनांक 01 अप्रैल 2026 को अभियुक्त को क्रियाशाला मंदिर के पास हल्द्वानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

इस संबंध में थाना हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 111/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त:
अंश खत्री उर्फ अक्की पुत्र भानु प्रताप सिंह खत्री, उम्र 19 वर्ष, निवासी अंबेडकरनगर शिवपुरी, थाना कठघर, मुरादाबाद (उ.प्र.), हाल निवासी गौला गेट, राजपुरा

बरामदगी में:
अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा 02 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तारी टीम में:
● व.उ.नि. भूपेन्द्र सिंह मेहता
● कानि. ललित नाथ
● कानि. धीरेन्द्र अधिकारी शामिल रहे।

नैनीताल पुलिस का जनसंदेश:
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना, भय या दहशत का माहौल बनाना कानूनन अपराध है। ऐसे कृत्यों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *