इंस्पेक्टर से Dy. SP बने उमेश कुमार मलिक और वेद प्रकाश भट्ट।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने ‘पीपिंग सेरेमनी’ में बैच लगाकर दी शुभकामनाएं।
नैनीताल। उत्तराखंड पुलिस में कर्तव्यनिष्ठा और लंबी सेवा का सम्मान करते हुए जनपद नैनीताल में तैनात दो अनुभवी अधिकारियों को पदोन्नति का उपहार मिला है। उमेश कुमार मलिक एवं वेद प्रकाश भट्ट को निरीक्षक नागरिक पुलिस से पुलिस उपाधीक्षक (Dy. SP) के पद पर पदोन्नत किया गया है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में एसएसपी नैनीताल द्वारा एक गरिमामयी ‘पीपिंग सेरेमनी’ का आयोजन किया गया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर ‘UPS’ बैच लगाकर उन्हें आधिकारिक रुप से नए पद पर अलंकृत किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी नवीन उत्तरदायित्वों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही दोनों अधिकारियों के सेवाकाल के दौरान उनके अनुशासन, समर्पण और कार्यकुशलता की विशेष सराहना की।
पदोन्नत हुए दोनों अधिकारियों ने वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक (SI) के रुप में पुलिस विभाग में अपनी सेवा शुरु की थी।
उमेश कुमार मलिक ने वर्ष 2002 में भर्ती होने के पश्चात देहरादून, पीटीसी मुरादाबाद, नैनीताल, उधम सिंह नगर, एसटीएफ, पुलिस मुख्यालय, सीआईडी हल्द्वानी, चंपावत और नैनीताल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2016 में वे निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए थे, जो अब पुलिस उपाधीक्षक बने हैं।
वहीं, वेद प्रकाश भट्ट ने वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक के पद पर भर्ती होने के बाद पीएसी (31 व 40 वाहिनी), एसडीआरएफ, उधम सिंह नगर तथा नैनीताल में उत्कृष्ट सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में वे दलनायक पद पर पदोन्नत हुए थे, जो अब पुलिस उपाधीक्षक बने हैं।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी नैनीताल ने दोनों अधिकारियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस अवसर पर पदोन्नत अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल राजकुमार बिष्ट, उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, वाचक देवेंद्र राजपूत सहित शाखा प्रभारी एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।



