नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत के साथ धूमधाम से मनाया गया प्रवेशोत्सव, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विद्यालयी शिक्षा में शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत हेतु प्रवेशोत्सव एवं छात्र-अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया।
प्रवेशोत्सव का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों रीता देवी, ज्योति देवी, सरोज वर्मा, प्रम प्रकाश तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक डी.एस. गिरी द्वारा ज्ञान की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों गायत्री, भूमिका, अक्षिता, दीपिका एवं जानकी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, वहीं गौरव चन्द्र, लव भण्डारी, नितिन, मानस, योगेश एवं आरुष ने अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डी.एस. गिरी ने सभी मंचासीन अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए प्रवेशोत्सव तथा सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी से अपने पाल्यों को सरकारी विद्यालयों में शिक्षा दिलाने का अनुरोध किया।
इसके उपरांत नवप्रवेशी बच्चों में कक्षा 1 में लव भण्डारी, गौरव चन्द्र एवं जयेश, कक्षा 4 में नयन एवं योगेश तथा कक्षा 5 में दक्ष गोस्वामी ने प्रवेश लिया। इन सभी बच्चों का विद्यालय परिवार द्वारा फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया तथा उनकी सेल्फी भी ली गई।
कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को मध्यांतर में विशेष भोज पूड़ी, आलू, चने की सब्जी, खीर एवं फल में केले वितरित किए गए।
मंचासीन अतिथियों रीता देवी, ज्योति देवी, सरोज वर्मा, रामदत्त उप्रेती तथा विद्यालय के शिक्षक ज्योति गोस्वामी, ताजदार अंसारी एवं कृपाल सिंह शीला द्वारा नवप्रवेशी बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। विद्यालय के सभी बच्चों ने भी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया।
प्रवेशोत्सव के उपरांत विद्यालय प्रबंधन समिति की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से रीता देवी को अध्यक्ष तथा वीना देवी को उपाध्यक्ष चुना गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रीता देवी तथा संचालन कृपाल सिंह शीला द्वारा किया गया।
इस अवसर पर दृष्टि, दीपिका, मोहित, हर्षित, करण, नवीन, गणेश, आर्यन एवं आदित्य की सक्रिय सहभागिता रही। साथ ही अभिभावक रीना देवी, आभा देवी, ज्योति देवी, सविता देवी, सन्तोषी देवी आदि की भी सक्रिय उपस्थिति रही।



