राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ के तहत ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित।

शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ के तृतीय चक्र के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों में नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और स्वरोजगार के प्रति छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक रुप से प्रशिक्षित कर एक सुदृढ़ उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र (Entrepreneurial Ecosystem) विकसित करना था।

कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए योजना की नोडल अधिकारी डॉ. वसुंधरा लस्पाल ने शिविर की विस्तृत रुपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने वर्तमान परिदृश्य में व्यावहारिक कौशल विकास और बाजार की मांग के अनुरुप स्टार्टअप की आवश्यकता पर बल दिया तथा प्रशिक्षण के दौरान इंटर्नशिप की महत्ता, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने की बारीकियों और सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न वित्तीय सहायताओं के विषय में छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या प्रोफेसर अनुपमा तिवारी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में स्थानीय संसाधनों के विवेकपूर्ण दोहन की आवश्यकता बताई। उन्होंने माल्टा जूस उत्पादन, चीड़ का लीसा, होम-स्टे, खाद्य प्रसंस्करण और फल उत्पादन जैसे क्षेत्रों को स्वरोजगार के सशक्त माध्यम के रुप में रेखांकित किया। उन्होंने स्थानीय सफल उद्यमियों के उदाहरण साझा करते हुए विद्यार्थियों को ‘जॉब सीकर’ के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बनने हेतु प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि एवं प्रोजेक्ट ऑफिसर महेंद्र सिंह रौतेला ने प्रभावी पीपीटी (PPT) प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण सत्र का नेतृत्व किया। उन्होंने उत्तराखंड के विशिष्ट भौगोलिक परिवेश में उपलब्ध रोजगार के अवसरों तथा योजना के तृतीय चक्र में किए गए संरचनात्मक सुधारों की जानकारी दी। साथ ही आधुनिक पाठ्यक्रमों और उन्नत उपकरणों के माध्यम से कौशल विकास की नई संभावनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। प्रशिक्षण सत्र के उपरांत छात्र-छात्राओं ने अपनी शंकाओं का समाधान किया और उद्यमिता के प्रति उत्साह दिखाया। शिविर के द्वितीय सत्र में एक विशेष परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें सफल प्रतिभागियों को ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर डॉ. सीमा प्रिया, डॉ. छात्र सिंह कटायत, डॉ. राजेंद्र चंद्र पांडे सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *