एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में करियर काउंसलिंग कार्यशाला आयोजित।
हल्द्वानी (नैनीताल)। एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के तत्वावधान में एक प्रभावशाली करियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण एवं सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. नवल किशोर लोहनी, सह-संयोजक, करियर काउंसलिंग सेल द्वारा स्वागत उद्बोधन एवं कार्यक्रम की रुपरेखा प्रस्तुत करते हुए किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें अपने करियर के प्रति सजग एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर कविंद्र बिजवाल ने मुख्य वक्ता के रुप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायक व्याख्यान में उन्होंने व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इनर पर्सनालिटी ग्रोथ (आंतरिक व्यक्तित्व विकास) एवं आउटर पर्सनालिटी ग्रोथ (बाह्य व्यक्तित्व विकास) के साथ-साथ एटीट्यूड एवं एप्टीट्यूड, भाषा दक्षता (Language Skills) तथा प्रभावी वक्तृत्व कला (Good Speaking Skills) के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बढ़ाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा अपने लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयासरत रहने के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, आधुनिक परीक्षा पद्धति की रणनीतियों तथा प्रभावी संप्रेषण कौशल (Communication Skills) के विभिन्न पहलुओं पर भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उनके व्याख्यान ने विद्यार्थियों को न केवल प्रेरित किया, बल्कि उन्हें अपने करियर के प्रति एक नई दिशा एवं स्पष्ट दृष्टिकोण भी प्रदान किया।
कार्यशाला के दौरान बी.ए. षष्ठम सेमेस्टर के छात्र मेहुल साह ने अपने जिज्ञासापूर्ण प्रश्नों के माध्यम से सत्र को द्विपक्षीय (Two-way) एवं संवादात्मक बनाया, जिससे कार्यक्रम और अधिक प्रभावी एवं रोचक बन गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों से लगभग 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के संबंध में प्राचार्य प्रोफेसर एन.एस. बनकोटी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सराहनीय प्रयास हैं।
कार्यक्रम के अंत में कार्यशाला संयोजक डॉ. नवल किशोर लोहनी द्वारा मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया गया। विद्यार्थियों ने भी भविष्य में इस प्रकार के उपयोगी एवं मार्गदर्शक आयोजनों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










