सल्ट व एसओजी टीम की कार्रवाई, 10.380 किग्रा गांजा बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट पुलिस व एसओजी टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा ले जा रहे एक अभियुक्त को 10.380 किग्रा गांजा के साथ गिरफ्तार किया है, वहीं वाहन को भी सीज कर दिया गया है। बरामद गांजे की कीमत 2,59,500/- रुपये से अधिक बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के द्वारा नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन को साकार करने के उद्देश्य से लगातार कड़े एक्शन लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में सभी थाना व चौकी प्रभारियों को मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर अवैध रुप से स्मैक, गांजा, चरस व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबंस सिंह के मार्गदर्शन में तथा सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह व प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान सल्ट के कठपतिया तिराहा पर मोटरसाइकिल संख्या UK19B3163 को रोका गया। जाँच करने पर मोटरसाइकिल सवार युवक रवि धौलाखण्डी के कब्जे से कुल 10.380 किग्रा अवैध गांजा बरामद किया गया। अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए थाना सल्ट में FIR संख्या 09/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की गई तथा वाहन को सीज किया गया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त गांजे को ऊंचे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस टीम द्वारा गांजा क्रय-विक्रय के स्रोतों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त –
रवि धौलाखण्डी पुत्र नंद किशोर धौलाखण्डी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम खलटा, पोस्ट मणुली, तहसील भिकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा
पुलिस टीम में –
● अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह, थाना सल्ट
● हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार, थाना सल्ट
● कांस्टेबल हरीश प्रसाद, एसओजी अल्मोड़ा
● कांस्टेबल हेमंत मनराल, थाना सल्ट शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










