नागचुलाखाल तक बस सेवा विस्तार की मांग तेज, क्षेत्रवासियों ने अतिरिक्त संचालन की उठाई मांग।

स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। देघाट–नागचुलाखाल क्षेत्र में दिल्ली के लिए संचालित बस सेवा को नागचुलाखाल तक विस्तारित करने तथा अतिरिक्त बस सेवा शुरु करने की मांग तेज हो गई है। क्षेत्रीय जनता एवं सामाजिक संगठनों ने इस संबंध में परिवहन विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया है कि वर्तमान में देघाट से दिल्ली के लिए प्रतिदिन प्रातः लगभग 5:00 बजे एक बस सेवा संचालित की जा रही है, जिससे क्षेत्रीय जनता को लाभ मिल रहा है। हालांकि, नागचुलाखाल एवं आस-पास के लगभग 40 गाँवों की 4 हजार की जनसंख्या इस सेवा से अछूती है। इस सेवा का लाभ लेने के लिए लोगों को पहले देघाट तक पहुंचना पड़ता है, जिसमें अतिरिक्त समय, धन और श्रम व्यय होता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस सेवा को नागचुलाखाल तक विस्तारित किया जाता है तो क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधी सुविधा मिल सकेगी। इससे विशेष रुप से विद्यार्थियों, मरीजों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं नौकरीपेशा वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।

साथ ही क्षेत्रवासियों ने यह भी मांग उठाई है कि वर्तमान में संचालित एकमात्र बस सेवा के स्थान पर कम से कम दो बस सेवाएं चलाई जाएं। प्रस्ताव के अनुसार, एक बस प्रातःकाल नागचुलाखाल से दिल्ली के लिए संचालित की जाए तथा दूसरी बस सायंकाल नागचुलाखाल से दिल्ली के लिए प्रस्थान करे, जिससे सभी वर्गों के यात्रियों को सुविधाजनक समय पर यात्रा का विकल्प मिल सके।

क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का मानना है कि बेहतर परिवहन सुविधा से न केवल जनसुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य चिंतोली वार्ड-13 मीना शर्मा द्वारा अनुशंसा पत्र तथा खल्डुवा–नागचुलाखाल ग्रामीण विकास समिति द्वारा प्रस्ताव/पत्र परिवहन विभाग को प्रेषित किया गया है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *