पेयजल स्रोत के ऊपर डाला जा रहा कूड़ा, ग्रामीणों में आक्रोश; कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण द्वारा नगर क्षेत्र के सभी चार वार्डों से कूड़ा एकत्र करने का ठेका एक ठेकेदार को दिया गया है। कूड़ा संग्रहण के लिए ठेकेदार द्वारा भिकियासैंण-बासोट मोटर मार्ग पर एक डम्पिंग जोन बनाया गया है, लेकिन आरोप है कि बाजार से कूड़ा उठाकर निर्धारित स्थान पर ले जाने के बाद उसे प्रतिदिन शाम के समय कड़ाकोट ग्राम सभा क्षेत्र के बगड़ीगाड़ मोटर मार्ग के नीचे फेंका जा रहा है।

नगरवासियों का कहना है कि जिस स्थान पर कूड़ा डाला जा रहा है, उसके नीचे से निकलने वाला पानी भिकियासैंण क्षेत्र में पेयजल के रुप में उपयोग किया जाता है। ऐसे में लोगों को जल स्रोत दूषित होने तथा बीमारियां फैलने का खतरा सताने लगा है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

इस संबंध में नगर पंचायत भिकियासैंण की अधिशासी अधिकारी प्रीती आर्या ने बताया कि ठेकेदार को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा उसी स्थान पर कूड़ा डाला गया तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं ग्राम प्रधान कड़ाकोट मनोहर सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस मामले में कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

उधर जल संस्थान भिकियासैंण के जेई गौरव पंत ने बताया कि सफाई कर्मचारियों को कई बार मौखिक रुप से समझाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद वहां कूड़ा डाला जा रहा है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *