सल्ट पुलिस ने स्कूली छात्र-छात्राओं व स्थानीय लोगों को साइबर अपराध व नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरुक।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट पुलिस द्वारा स्थानीय स्कूली छात्र-छात्राओं को नशे के विरुद्ध अभियान चलाकर जागरुक किया गया। क्षेत्र में ठगी से सतर्क रहने एवं नशे से दूरी बनाए रखने का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के द्वारा जनपद के कोतवाली एवं थाना प्रभारियों को स्कूलों, कॉलेजों, नगर, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों सहित विभिन्न संस्थानों में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम एवं सामाजिक जागरुकता को बढ़ावा देने हेतु लगातार जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त निर्देशों के क्रम में आज शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबंस सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज देवायल सल्ट में छात्र-छात्राओं, स्कूल स्टाफ एवं स्थानीय लोगों के मध्य जन-जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान साइबर अपराधों एवं नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
अभियान का उद्देश्य आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना तथा युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से जागरुक कर सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना रहा।
पुलिस टीम द्वारा ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों जैसे डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं बैंक डिटेल साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया हैकिंग, लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, फर्जी लोन एवं इनाम के झांसे आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आमजन को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध साइबर घटना की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
साथ ही छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरुक करते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। लोगों से अपील की गई कि नशे से दूर रहें तथा अपने आस-पास किसी भी प्रकार की नशे से संबंधित गतिविधि की सूचना मानस हेल्पलाइन 1933 पर दें। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।



