राष्ट्रीय एडवेंचर कैंप में खटीमा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन।

खटीमा (उधम सिंह नगर)। हेमवती नन्दन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के छात्र-छात्राओं ने पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग एवं कुर्सियांग में आयोजित राष्ट्रीय एडवेंचर कैंप में प्रतिभाग कर महाविद्यालय एवं उत्तराखण्ड का नाम गौरवान्वित किया।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में महाविद्यालय से कुल 7 छात्र-छात्राओं टीना, सुधांशु, दीक्षा, निशिका, ऋतु वर्मा, अंकित एवं भावना भंडारी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उनके साथ महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. सुरेंद्र पडियार एवं डॉ. मोनिका ने मार्गदर्शक के रुप में प्रतिभाग किया।

पाँच दिवसीय इस राष्ट्रीय एडवेंचर कैंप में प्रतिभागियों ने ट्रैकिंग, हाइकिंग, स्काई साइक्लिंग, तीरंदाजी तथा विभिन्न साहसिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और साहस का परिचय दिया। कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन तथा आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों को सीखा।

विभिन्न राज्यों से आए स्काउट्स एवं गाइड्स के साथ संवाद ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक समन्वय की भावना को और अधिक सशक्त किया। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण दार्जिलिंग की वादियों में आयोजित इस कैंप ने विद्यार्थियों को रोमांच, शिक्षा और अनुभव का अनूठा संगम प्रदान किया।

प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने बताया कि यह कैंप उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। प्रारंभ में कई साहसिक गतिविधियाँ चुनौतीपूर्ण प्रतीत हुईं, किन्तु शिक्षकों के मार्गदर्शन और टीम भावना के सहयोग से उन्होंने सभी गतिविधियों को सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पंकज कुमार पांडेय एवं संयोजक डॉ. रीना सिंह ने सभी प्रतिभागियों तथा मार्गदर्शक शिक्षकों को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *