विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित।
शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर नवीन भवन के परिसर में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधि-विधान से शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा पौधारोपण कर किया गया।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. एल. पी. वर्मा ने पर्यावरण के प्रति गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि, “पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायी होगा।”
कार्यक्रम प्रभारी प्रो. अनुपमा तिवारी ने आयोजन के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, “यह आयोजन केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता जगाने का प्रयास है।”
कार्यक्रम में विशेष रुप से उपस्थित जिला पंचायत सदस्य कुंदन राम ने भी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने महाविद्यालय परिवार द्वारा शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक व पर्यावरणीय क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि सराहना की।
इस अवसर पर निहीर हिमालय संस्थान से डॉ. मेघा शर्मा पंत एवं कोमल बिष्ट भी महाविद्यालय परिवार के साथ जुड़े और उन्होंने पौधारोपण के कार्य को आगे बढ़ाते हुए अपना सक्रिय योगदान दिया।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। छात्रों द्वारा परिसर में बांज, देवदार तथा विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण जागरुकता से जुड़े गगनभेदी नारे भी लगाए और समाज को जागरुक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एल. पी. वर्मा, कार्यक्रम प्रभारी प्रो. अनुपमा तिवारी, डॉ. सीमा प्रिया, डॉ. प्रकाश चंद जांगी, डॉ. दीपिका आर्या, डॉ. वसुंधरा लसपाल, डॉ. छत्र सिंह कठायत, डॉ. राजेंद्र चंद पांडे, विनोद रतन, कमल सिंह बनकोटी, हेमंत सिंह मनराल, छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



