राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में विश्व पर्यावरण दिवस अत्यंत उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया गया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल करते हुए कार्यक्रम की शानदार शुरुआत महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान के साथ हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. शर्मिला सक्सेना ने परिसर में विधि-विधान से पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं को पर्यावरण के प्रति सदैव जागरुक रहने का संदेश दिया। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि हमें न केवल आज, बल्कि निरंतर अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए और उनका संरक्षण भी करना चाहिए।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विश्वनाथ पाण्डेय द्वारा किया गया। संचालन के दौरान उन्होंने पर्यावरण के बचाव और मानव जीवन में इसकी महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “प्रकृति का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अगर हम आज सजग नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।”
इस विशेष अवसर पर महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा और पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए एक सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण मित्र बनने की शपथ ली।
उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



