कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डॉ. दीपक कुमार ‘यंग फैकल्टी आउटस्टैंडिंग रिसर्च अवॉर्ड–2025’ से हुए सम्मानित।
नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल के गणित विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीपक कुमार को उनके उत्कृष्ट शोध एवं शैक्षणिक योगदान के लिए कुमाऊँ विश्वविद्यालय द्वारा “यंग फैकल्टी आउटस्टैंडिंग रिसर्च अवॉर्ड–2025” से सम्मानित किया गया है।
डॉ. दीपक कुमार ने अपनी स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. की शिक्षा जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। उनके पास 15 वर्षों से अधिक का शिक्षण एवं शोध अनुभव है। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित SCI एवं Scopus सूचीबद्ध शोध पत्रिकाओं में 80 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित किए हैं। इसके अतिरिक्त उनके अनेक पुस्तक अध्याय एवं सम्मेलन शोध-पत्र भी प्रकाशित हो चुके हैं।
उन्होंने कई पीएच.डी. शोधार्थियों का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया है तथा विभिन्न प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में समीक्षक (Reviewer) के रुप में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
डॉ. कुमार के प्रमुख शोध क्षेत्र फज़ी सेट सिद्धांत (Fuzzy Set Theory), विश्वसनीयता सिद्धांत (Reliability Theory) तथा जटिल प्रणालियों के विश्वसनीयता विश्लेषण में इनके अनुप्रयोग हैं। उन्होंने अपने विशेषज्ञता क्षेत्र में अनेक आमंत्रित व्याख्यान दिए हैं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, संगोष्ठियों एवं कार्यशालाओं के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार, सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों ने डॉ. दीपक कुमार को शुभकामनाएँ देते हुए इसे कुमाऊँ विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




