अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा ने द्वाराहाट में किया निरीक्षण, समयबद्ध डिजिटाइजेशन के दिए निर्देश।
अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिक सटीक, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे कार्यों की प्रगति का अनुश्रवण करते हुए अपर जिलाधिकारी अल्मोड़ा युक्ता मिश्रा ने गत दिवस द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के संकलन, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 निर्वाचन आयोग का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए तथा प्रत्येक गणना प्रपत्र का सावधानीपूर्वक परीक्षण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रुप से बूथ स्तर अधिकारियों (BLOs) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि घर-घर संपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए तथा मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने और समय पर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही डिजिटाइजेशन कार्य में शत-प्रतिशत शुद्धता बनाए रखने तथा प्राप्त आंकड़ों का नियमित सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाता सूची की शुद्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने मतदाता जागरुकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध रुप से पूर्ण किए जाएं, ताकि आगामी निर्वाचक नामावलियां अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित तैयार की जा सकें।
इस दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) 48-द्वाराहाट सुनील कुमार राज, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) तितिक्षा जोशी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




