उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में 01 जुलाई से शुरु होंगे प्रवेश, नए पाठ्यक्रमों के साथ छात्रहित की कई सुविधाएं लागू।
हल्द्वानी (नैनीताल)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू), हल्द्वानी में जुलाई सत्र-2026 की प्रवेश प्रक्रिया 01 जुलाई 2026 से प्रारम्भ होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरुप कई नई छात्रहित सुविधाएं लागू की गई हैं, साथ ही नए पाठ्यक्रम भी शुरु किए जा रहे हैं।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय में वर्तमान में 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा तथा 29 प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। इस सत्र से डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज़ तथा मानवाधिकार प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम भी प्रारम्भ किए जा रहे हैं। वहीं बीएलआईएस (BLIS) और बी.एड. (ODL) में प्रवेश प्रक्रिया यूजीसी-डीईबी की इंटरफेस बैठक के निर्णय के बाद शुरु होगी।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय ने सभी सेमेस्टर आधारित कार्यक्रमों में सेमेस्टरवार शुल्क जमा करने की व्यवस्था लागू की है, जिससे छात्रों पर एकमुश्त आर्थिक बोझ कम होगा। किसी भी पाठ्यक्रम को पूरा करने वाले विद्यार्थी स्वतः विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र (Alumni) के रुप में पंजीकृत होंगे तथा मूल्यांकन ब्लूम्स टैक्सोनॉमी के आधार पर किया जाएगा।
कुलपति ने बताया कि एमबीए, एमसीए, एमटीटीएम, बी.एड. स्पेशल एजुकेशन, एम.एड. स्पेशल एजुकेशन, बी.ए. योग (ऑनर्स) तथा एम.ए. योग कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन भी 01 जुलाई 2026 से उपलब्ध होंगे।
प्रवेश प्रक्रिया के लिए DEB-ID और ABC-ID अनिवार्य होंगे। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को क्रेडिट मोबिलिटी, मल्टीपल एंट्री और मल्टीपल एग्जिट जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।
विश्वविद्यालय के 144 शिक्षार्थी सहायता केंद्र (LSCs) विद्यार्थियों को शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त सैनिकों एवं जेल बंदियों के लिए भी विशेष सहायता केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
छात्रहित में विश्वविद्यालय द्वारा कई शुल्क रियायतें भी प्रदान की गई हैं। थर्ड जेंडर विद्यार्थियों के लिए पूर्ण शुल्क माफी, बीएससी और एमएससी के प्रायोगिक विषयों में कार्यशाला शुल्क पर 30 प्रतिशत छूट तथा ESLM विकल्प चुनने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रदेश एवं देशभर के विद्यार्थियों से जुलाई सत्र-2026 में प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय की आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।



