दूरस्थ क्षेत्र में आधार सेवा केंद्र नहीं होने से ग्रामीण परेशान।
ईकूखेत में केंद्र खोलने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को भेजा ज्ञापन।
स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड स्याल्दे के दूरस्थ क्षेत्र ईकूखेत एवं आस-पास के दर्जनों गाँवों के ग्रामीणों की सुविधा हेतु ईकूखेत में आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की मांग को लेकर उत्तराखंड जन कल्याण समिति, पंचायत प्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में आधार संबंधी सेवाओं के लिए क्षेत्रवासियों को 30 से 40 किलोमीटर दूर स्याल्दे अथवा अन्य केंद्रों तक जाना पड़ता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों तथा आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों को भारी परेशानी के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है।
उल्लेखनीय है कि चनोली, मसमोली, चकरगाँव, घन्याल, सराईखेत, कफलगाँव, मठखानी, जूनिया, इकुरौला, गाजर, मांगरुखाल, मल्ला भाकूड़ा, खंडूभनेरिया, सेरा, गुदलेख, गोगान्याणी, बासीसीम, रुड़ोली, कलझी, पारजवार, दुदोड़ी, बिरखाल सहित अनेक गाँवों की बड़ी आबादी इस सुविधा के अभाव में लंबे समय से परेशान है।
जनहित को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी से ईकूखेत में शीघ्र आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की मांग की गई है, ताकि ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने, संशोधन एवं अपडेट जैसी आवश्यक सेवाएं अपने क्षेत्र के निकट ही उपलब्ध हो सकें।
ज्ञापन देने वालों में उत्तराखंड जन कल्याण समिति के अध्यक्ष सुनील टम्टा, बीडीसी सदस्य इकुरौला सुरेश राम, ग्राम प्रधान हिम्मत सिंह, जगत सिंह, आनंद राम, प्रधान अनीता देवी, सुभाष सिंह, धर्म सिंह, पूरन नेगी, विजय सिंह, गोपाल सिंह, बालम सिंह, भोपाल सिंह, त्रिलोक सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।



