06 दिन बाद घने जंगल से सकुशल मिली लापता युवती।

अल्मोड़ा पुलिस-एसडीआरएफ के संयुक्त रेस्क्यू ने बचाई जान।

अल्मोड़ा। लगातार छह दिनों तक चले कठिन सर्च ऑपरेशन के बाद लापता युवती को सुंदरखाल के घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया गया। लगातार बारिश, दुर्गम पहाड़ी इलाकों और घने जंगलों के बीच अल्मोड़ा पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड एवं वन विभाग की संयुक्त टीमों ने अथक प्रयास करते हुए युवती को सुरक्षित खोज निकाला। रेस्क्यू टीम ने प्राथमिक उपचार देने के बाद युवती को स्ट्रेचर के माध्यम से करीब 6 किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से एम्बुलेंस द्वारा उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया।

03 जुलाई को दर्ज हुई थी गुमशुदगी:
दिनांक 03 जुलाई 2026 को रानीखेत निवासी गिरीश पुजारी ने कोतवाली रानीखेत में सूचना दी कि उनकी 28 वर्षीय पुत्री, जो मानसिक रुप से अस्वस्थ है, 01 जुलाई 2026 की शाम बिना बताए घर से कहीं चली गई थी और देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर कोतवाली रानीखेत में गुमशुदगी दर्ज की गई।

एसएसपी अल्मोड़ा के निर्देश पर गठित हुईं विशेष टीमें:
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के ने युवती की शीघ्र बरामदगी के लिए तत्काल पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी, प्रभारी एसडीआरएफ उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल एवं विभिन्न टीम प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, डॉग स्क्वॉड तथा वन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा व्यापक सर्च अभियान चलाया गया।

50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले, ड्रोन से भी हुई निगरानी:
कोतवाली रानीखेत पुलिस टीम ने संभावित क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि युवती मजखाली क्षेत्र से बाहर नहीं गई है।

इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल, बूबूधाम सहित आस-पास के दूरस्थ एवं दुर्गम जंगलों में लगातार कॉम्बिंग सर्च अभियान चलाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान ड्रोन कैमरों का भी प्रभावी उपयोग किया गया। लगातार हो रही बारिश, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीमों ने अपने प्रयास जारी रखे।

घने जंगल से सकुशल मिली युवती:
लगातार 05 दिनों तक चले सघन सर्च अभियान के बाद लगभग शाम 04:30 बजे एसडीआरएफ एवं पुलिस टीम ने लापता युवती को सुंदरखाल गाँव से लगभग 4 किलोमीटर दूर घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया।

रेस्क्यू टीम ने मौके पर युवती को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा स्ट्रेचर के माध्यम से लगभग 6 किलोमीटर पैदल दुर्गम मार्ग पार कर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से एम्बुलेंस द्वारा उपचार हेतु राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया।

परिजनों ने जताया आभार, रेस्क्यू टीमों की हुई सराहना:
अपनी पुत्री को सकुशल पाकर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस, एसडीआरएफ एवं सभी रेस्क्यू टीमों का भावुक होकर आभार व्यक्त किया।

इस सफल अभियान की स्थानीय लोगों एवं उच्चाधिकारियों ने भी सराहना करते हुए पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, वन विभाग तथा अन्य सभी टीमों के उत्कृष्ट समन्वय, साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *