ग्रामसभा सबोली रौतेला में भाजपा की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, मिशन 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड सल्ट के अंतिम छोर स्थित ग्रामसभा सबोली रौतेला में विधायक महेश जीना के आवास पर आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस विधानसभा स्तरीय कार्यशाला में मिशन 2027 को लेकर कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनावी तैयारियों का संकल्प लिया। बैठक में क्षेत्रीय विधायक महेश जीना मुख्य रुप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मुख्य वक्ता एवं रानीखेत जिला प्रभारी प्रदीप जनौटी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों का रोडमैप साझा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक महेश जीना ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि मिशन 2027 की सफलता बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती पर निर्भर करेगी, जिसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।

संगठनात्मक कार्यशाला में क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख रुप से जिलाध्यक्ष रानीखेत घनश्याम भट्ट, ब्लॉक प्रमुख स्याल्दे मथुरा दत्त, जिला महामंत्री ध्यानी नेगी, रमेश करगेती, देवीदत्त शर्मा सहित क्षेत्र के समस्त मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में विधानसभा चुनाव 2027 में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *