महिला से अभद्रता, धमकी और वायरल वीडियो के मामले में आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस की त्वरित कार्रवाई।

नीलांचल कॉलोनी में महिला से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित नीलांचल कॉलोनी (फेज-6, डहरिया) में एक महिला के साथ गाली-गलौज, अभद्रता करने और जान से मारने सहित अन्य गंभीर धमकियाँ देने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का विवरण:
दिनांक 14 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 1:30 बजे पीड़िता के घर पर एक डिलीवरी बॉय पता पूछने आया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आरोपी सलीक अली पुत्र आफ़ताब हुसैन ने बिना किसी कारण के पीड़िता के साथ गाली-गलौज और गंदे इशारे करना शुरु कर दिया। विरोध करने पर आरोपी लकड़ी लेकर मारने दौड़ा और अत्यंत आपत्तिजनक व अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए पीड़िता को जान-माल तथा उसकी इज्जत को नुकसान पहुँचाने की धमकी दी।

आरोपी द्वारा पूर्व में भी कई बार महिला और उसकी बेटी के साथ इस तरह की अभद्रता और छेड़खानी की हरकतें किए जाने की बात सामने आई है।

आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह सरेआम धमकी देता हुआ नजर आ रहा था।

पुलिस की कार्रवाई:
पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या- 238/2026 के तहत धारा 79/351(3)/352 बीएनएस (BNS) में अभियोग पंजीकृत कर लिया।

उक्त प्रकरण को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

वीडियो बाइट — क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी

पुलिस टीम ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून का उल्लंघन करने वालों को कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से आरोपी सलीक अली को धारा 172 बीएनएसएस (BNSS) के तहत गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी नैनीताल का सख्त संदेश:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को अपने हाथ में न ले। महिलाओं की सुरक्षा और समाज में शांति भंग करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस टीम में:
● मनोज कुमार, चौकी प्रभारी टीपी नगर
● महिला उपनिरीक्षक रेनू सिंह
● कांस्टेबल हिमांशु जोशी
● कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह अधिकारी शामिल रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *