भिकियासैंण में निःशुल्क विधिक सेवाओं को लेकर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। बाल विकास परियोजना कार्यालय, भिकियासैंण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं के संबंध में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान पीएलवी माला बिष्ट ने बताया कि जिले में आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के सदस्य, महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन तथा अन्य पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता, अधिवक्ता की सुविधा, न्यायालयी मामलों में कानूनी परामर्श, लोक अदालत के माध्यम से विवादों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण सहित विभिन्न प्रकार की विधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को समय-समय पर इन सेवाओं का लाभ अवश्य लेना चाहिए।

बाल विकास परियोजना अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने महिलाओं से घरेलू हिंसा, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए शासन द्वारा अनेक प्रभावी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने जरुरतमंद महिलाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर, भिकियासैंण द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर अस्थायी आश्रय, चिकित्सीय सहायता, पुलिस सहायता, विधिक परामर्श, मनोसामाजिक परामर्श (काउंसलिंग), न्यायालयीय सहायता तथा अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा की शिकार महिला बिना किसी संकोच के वन स्टॉप सेंटर से संपर्क कर सकती है।

कार्यक्रम में पर्यवेक्षिका मंजू डंगवाल, कविता बिष्ट, मालती देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *