लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्दूचौड़ के बी.एड. विभाग का शिक्षण अभ्यास कार्यक्रम सम्पन्न।
हल्दूचौड़ (नैनीताल)। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्दूचौड़ के बी.एड. विभाग के द्वितीय सेमेस्टर का शिक्षण अभ्यास कार्यक्रम 17 जुलाई 2026 से 28 जुलाई 2026 तक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय दीना हल्दूचौड़ तथा खष्टी देवी इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ में प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सीमा श्रीवास्तव एवं बी.एड. विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. टी.सी. पाण्डे के दिशा-निर्देशन में सफलतापूर्वक संचालित किया गया। कार्यक्रम में बी.एड. द्वितीय सेमेस्टर के 48 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षणार्थियों को दो समूहों में विभाजित कर विज्ञान के अंतर्गत भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जन्तु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, गणित, हिन्दी, सामाजिक अध्ययन, अंग्रेजी, संस्कृत तथा वाणिज्य विषयों का अध्यापन कराया गया। प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी ने विद्यालय की कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों को प्रभावी ढंग से शिक्षण कार्य कराया।
शिक्षण अभ्यास के दौरान बी.एड. विभाग के प्राध्यापकों द्वारा प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी के शिक्षण का गहन अवलोकन कर उन्हें आवश्यक फीडबैक प्रदान किया गया तथा शिक्षण कौशलों के विकास के लिए मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों को पाठ योजना निर्माण, श्यामपट्ट (ब्लैकबोर्ड) का प्रभावी उपयोग, प्रश्नोत्तर तकनीक, गृहकार्य की जाँच, प्रश्नपत्र तैयार करना, विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करने तथा पाठ्य-सहगामी गतिविधियों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इससे प्रशिक्षणार्थियों के शिक्षण कौशलों में उल्लेखनीय सुधार हुआ तथा उन्हें एक दक्ष एवं प्रभावी शिक्षक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ।
बी.एड. विभागाध्यक्ष प्रो. टी.सी. पाण्डे ने कहा कि शिक्षण अभ्यास कार्यक्रम शिक्षक-प्रशिक्षण का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। इससे प्रशिक्षणार्थियों में आत्मविश्वास, शिक्षण दक्षता तथा कक्षा प्रबंधन कौशल का विकास होता है, जिसका लाभ उन्हें भविष्य में एक सफल एवं प्रभावी शिक्षक बनने में मिलेगा।
शिक्षण कार्यक्रम का संयोजन डॉ. गीता भट्ट एवं डॉ. प्रदीप कुमार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभाग के प्राध्यापक डॉ. हेम चन्द्र पाण्डे, डॉ. अजीत कुमार सैनी, डॉ. तनुजा मेलकानी, डॉ. गीता भट्ट, डॉ. अरुण कुमार चतुर्वेदी, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. रीता दुर्गापाल तथा डॉ. कमला पाण्डे सहित विभाग के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










