पारिवारिक विवादों के समाधान को लेकर एसएसपी नैनीताल की अध्यक्षता में महिला ऐच्छिक ब्यूरो की काउंसलिंग।

09 प्रकरणों की सुनवाई, 04 में मुकदमा दर्ज करने के आदेश, 02 मामलों में आपसी समझौते से हुआ निस्तारण।

हल्द्वानी (नैनीताल)। महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित प्रार्थना पत्रों एवं प्रकरणों में त्वरित जाँच एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा जनपद पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में बुधवार को पुलिस बहुद्देशीय भवन, हल्द्वानी में महिला ऐच्छिक ब्यूरो का मासिक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। काउंसलिंग सत्र की अध्यक्षता एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा की गई।

इस दौरान ऐच्छिक ब्यूरो की सदस्या डॉ. नंदिता अरेकल (पत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी.), डॉ. रश्मि पंत (मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर, महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी) तथा राम सिंह बसेड़ा (अधिवक्ता एवं पूर्व अध्यक्ष, बार एसोसिएशन हल्द्वानी) उपस्थित रहे।

उप निरीक्षक सुनीता कुंवर, प्रभारी महिला समाधान केंद्र हल्द्वानी द्वारा कुल 09 प्रकरण ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष प्रस्तुत किए गए। सभी मामलों में दोनों पक्ष काउंसलिंग हेतु उपस्थित हुए तथा उनकी समस्याओं एवं पक्षों को विस्तारपूर्वक सुना गया।

काउंसलिंग के परिणाम:
■ 04 मामलों में मुकदमा दर्ज करने के आदेश जारी किए गए।
■ 02 मामलों में दोनों पक्षों के मध्य आपसी सहमति से समझौता कराते हुए निस्तारित किया गया।
■ 03 मामलों को अग्रिम आदेश हेतु न्यायालय को अग्रसारित किया गया।

नैनीताल पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, उन्हें न्याय दिलाने तथा पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए निरंतर संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाही कर रही है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *