श्री गुरु गोरखनाथ हरज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु अनुदान स्वीकृत, ग्रामीणों ने विधायक महेश जीना का जताया आभार।
गुरु गोरखनाथ सेवा समिति की स्मारिका ‘जागृति’ का हुआ विमोचन, क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर।
स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। श्री गुरु गोरखनाथ हरज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए वित्तीय अनुदान स्वीकृत होने पर ग्राम पंचायत कलझीपा जोशी के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक कार्यालय में विधायक महेश जीना से सौहार्दपूर्ण भेंट की।
भेंट के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की जनआस्था के केंद्र श्री गुरु गोरखनाथ हरज्यू मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु वित्तीय अनुदान स्वीकृत करवाने पर विधायक महेश जीना का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि विधायक द्वारा क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक महेश जीना ने गुरु गोरखनाथ सेवा समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका ‘जागृति’ का विमोचन भी किया।
स्मारिका के प्रकाशन पर समिति के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विधायक महेश जीना ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक चेतना को जागृत करने तथा क्षेत्रीय संस्कृति को सहेजने में ‘जागृति’ जैसी स्मारिकाएं अत्यंत सराहनीय भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु गोरखनाथ का आशीर्वाद पूरे क्षेत्र पर सदैव बना रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक महेश जीना ने ग्राम पंचायत के उप प्रधान दीपक रावत को भी बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर हरीश चंद्र नैनवाल (ग्राम प्रधान, कलझीपा), कुंदनलाल (मंडल अध्यक्ष, स्याल्दे), गुरु गोरखनाथ सेवा समिति के पदाधिकारीगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










