राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ में हर्षोल्लास से मनाई गई कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती।
रामगढ़ (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ में कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। हिंदी विभाग द्वारा आयोजित समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर नगेन्द्र द्विवेदी ने की। कार्यक्रम में प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा प्रेमचंद के जीवन एवं साहित्य पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नगेन्द्र द्विवेदी ने अपने वक्तव्य में ‘प्रेमचंद के साहित्य की वर्तमान युग में प्रासंगिकता’ विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए मुंशी प्रेमचंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया तथा सभी छात्र-छात्राओं की सराहना की।
राजनीति विज्ञान की प्राध्यापिका डॉ. नीमा पंत ने प्रेमचंद की विभिन्न कहानियों के पात्रों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रेमचंद का साहित्य जीवन जगत से गहराई से जुड़ा हुआ है। किसानों, मजदूरों, दलितों एवं महिलाओं पर होने वाले अन्याय के विरुद्ध उनकी कलम हमेशा मुखर रही।
संस्कृत की प्राध्यापिका डॉ. श्वेता विश्नोई ने साहित्य की परिभाषा देते हुए कहा कि प्रेमचंद का साहित्य सामाजिक जीवन मूल्यों एवं आमजन के संघर्षों के यथार्थ को अभिव्यक्त करने वाला तथा मानवता का पाठ पढ़ाने वाला साहित्य है।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रेमचंद के साहित्य एवं जीवन से संबंधित जानकारी परखने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रेमचंद का पोस्टर, उनके महत्वपूर्ण कथनों की पोस्टर प्रस्तुति तथा उनकी कहानियों पर आधारित चित्रांकन विषय शामिल रहे।
प्रतियोगिता में बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा दीपशिखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्र प्रियांशु पाल को तथा तृतीय स्थान निशा कुंवर को मिला। सांत्वना पुरस्कार गौरव कुमार को प्रदान किया गया। सभी विजेताओं को प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. विमला सिंह ने किया।
इस अवसर पर डॉ. विमला सिंह, डॉ. श्वेता विश्नोई, डॉ. नीमा पंत, दीप्ति कुमारी, कमलेश डोभाल, कुंदन गोस्वामी, गणेश बिष्ट, प्रेम भारती, तनुजा दर्मवाल, दीपशिखा, निशा कुंवर, गौरव कुमार, प्रियांशु पाल, खुशबू आर्या, रश्मि आर्या, हिमानी आर्या, गुंजन मेहरा, माही पांडे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










