सेवा, समर्पण एवं सुशासन शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़, विभिन्न विभागों ने मौके पर किया समस्याओं का समाधान।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट के राजकीय इंटर कॉलेज मानिला में सेवा, समर्पण एवं सुशासन कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि अधिकाधिक मामलों का मौके पर समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाना है।

शिविर में सल्ट विधायक महेश जीना ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण करने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ ही प्रमाण पत्र, पंजीकरण एवं अन्य विभागीय सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई।

शिविर में 469 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 96 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही आधार कार्ड के पंजीकरण एवं संशोधन के कुल 56 कार्य भी संपादित किए गए।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री महेश्वर सिंह मेहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य मनमोहन सिंह बंगारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) दीपक सिंह, उप जिलाधिकारी रिंकू बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *