राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित।
शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ तथा ‘अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026’ के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस एवं तिरंगे से संबंधित विषयों पर वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चेतना तथा भारतीय लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरुकता उत्पन्न करना था।
नीतिगत हैकाथॉन में समसामयिक विषयों की दी जानकारी:
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित नीतिगत हैकाथॉन में डॉ. राजेंद्र चंद्र पांडे द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न समसामयिक एवं नीतिगत विषयों, जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वास्थ्य तथा वर्ष 2047 में भारत की शिक्षा के स्वरुप आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार, तकनीकी विकास तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरुप स्वयं को तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग:
इसके उपरांत आयोजित वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज, भारतीय संविधान तथा राष्ट्र निर्माण से संबंधित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का आयोजन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के नोडल अधिकारी तथा ‘अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026’ के नोडल अधिकारियों द्वारा संयुक्त रुप से किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा किया गया।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को स्मरण करने का अवसर:
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ललन प्रसाद वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय मूल्यों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










