राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रातः 8 बजे बैंड एवं विद्यालय के बैनर के साथ बासोट बाजार में प्रभात फेरी निकाली गई।
तिरंगा लेकर बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी:
प्रभात फेरी में सभी बच्चे हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति गीत ‘सारे जहाँ से अच्छा’ एवं ‘वीर तुम बढ़े चलो, धीर तुम बढ़े चलो’ का गान करते हुए आगे बढ़ रहे थे। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों में देशभक्ति एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला।
ध्वजारोहण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ:
इसके उपरांत विद्यालय के प्रधानाध्यापक डी.एस. गिरी द्वारा मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के साथ राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत गाया।
सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत:
इसके उपरांत बच्चों ने कार्यक्रम के शुभारंभ में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद मंचस्थ अतिथियों के सम्मान में बच्चों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
प्रधानाध्यापक ने स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को किया संबोधित:
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डी.एस. गिरी ने राष्ट्रीय पर्व पर उपस्थित सभी मंचस्थ अतिथियों एवं अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संबोधित करते हुए स्वतंत्रता के महत्व की जानकारी दी।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां:
बच्चों द्वारा इस अवसर पर विविध देशभक्ति गीतों की सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। आरुष, दीपिका, भूमिका, गायत्री एवं करन द्वारा राष्ट्रीय पर्व पर भाषण दिए गए।
स्वतंत्रता के इतिहास की दी महत्वपूर्ण जानकारी:
बच्चों को वि.प्र.स. की अध्यक्ष रीता देवी, सी.आर.पी. रीतू, प्रेम प्रकाश, ग्राम प्रधान बासोट शिवानी भंडारी एवं विद्यालय की शिक्षिका ज्योति गोस्वामी द्वारा स्वतंत्रता के इतिहास पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन:
इस अवसर पर गायत्री, भूमिका, आरुष, जानकी, लव भंडारी, जयेश, दीपिका, मोहित, नयन, मानस, गौरव, साध्या, करन एवं मयंक आदि ने सुंदर नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
सक्रिय योगदान के लिए बच्चों को किया पुरस्कृत:
कार्यक्रम में सक्रिय योगदान के लिए मोहित, नयन, आरुष एवं हर्षित कड़ाकोटी को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कृपाल सिंह शीला द्वारा किया गया। अंत में सभी को मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर गंगा देवी, बीना नेगी, जया देवी, कमला देवी, नीमा देवी, पुष्पा देवी, ज्योति देवी, धना देवी आदि की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल













