सनराइज कॉन्वेंट स्कूल भिकियासैंण में करियर चुनौतियों और तनाव प्रबंधन पर कार्यशाला आयोजित।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। मेंटल हेल्थ क्लब, डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण के तत्वावधान में सनराइज कॉन्वेंट स्कूल भिकियासैंण में ‘करियर चुनौतियां एवं तनाव प्रबंधन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
करियर से जुड़ी चुनौतियों पर हुई विस्तार से चर्चा:
कार्यशाला में विद्यार्थियों को करियर से संबंधित विभिन्न चुनौतियों जैसे माता-पिता की अपेक्षाएं, दोस्तों से तुलना, अच्छे अंकों का दबाव, सोशल मीडिया पर दूसरों की सफलता से प्रभावित होना, करियर संबंधित सही जानकारी न मिलना और असफलता का डर जैसे कई विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
विद्यार्थियों को करियर चुनने का सही फार्मूला बताते हुए रुचि, क्षमता, संभावनाएं और वास्तविकता के आधार पर करियर चुनने की सलाह दी गई। साथ ही ‘क्या सही करियर है’ से जुड़े कई मिथकों को भी दूर किया गया।
तनाव के संकेतों और लक्षणों की दी जानकारी:
कार्यशाला में विद्यार्थियों को अत्यधिक तनाव से संबंधित संकेतों एवं लक्षणों के बारे में भी विस्तार से बताया गया तथा उनसे इन लक्षणों पर ध्यान देने को कहा गया।
तनाव प्रबंधन की तकनीकों का कराया अभ्यास:
विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन से संबंधित विभिन्न तरीके बताए गए तथा उनका अभ्यास भी कराया गया। इनमें स्टॉप टेक्निक, 60 सेकंड ब्रीदिंग एक्सरसाइज, ग्राउंडिंग टेक्निक एक्सरसाइज, माइंडफुलनेस और पेपर बैग ब्रीदिंग एक्सरसाइज शामिल रहे।
स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की दी सलाह:
विद्यार्थियों को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी गई, जिसमें 20 मिनट की एक्सरसाइज, योग, प्राणायाम और सोने का निश्चित समय निर्धारित करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को पढ़ाई करते समय फोन से दूर रहने तथा तनाव होने पर किसी विश्वसनीय बड़े, परिवार के सदस्य, अध्यापक या दोस्तों से बात करने की सलाह दी गई।
डॉ. इला बिष्ट ने किया कार्यशाला का संचालन:
प्राचार्य प्रोफेसर शर्मिला सक्सेना के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक के रुप में डॉ. इला बिष्ट, असिस्टेंट प्रोफेसर समाजशास्त्र द्वारा कार्यशाला का संचालन किया गया।
कार्यक्रम में सनराइज कॉन्वेंट स्कूल के प्रधानाचार्य के.के. भट्ट, उप प्रधानाचार्य ओम प्रकाश जोशी, एडमिन मनोज भोज, पीआरओ दीपा पालीवाल व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल













